*विश्व वानिकी दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन*
*प्रतियोगिता, कार्यशाला एवं सम्मान समारोह के माध्यम से वन संरक्षण का दिया गया संदेश*

रिपोर्टर – दिलीप माहेश्वरी
बलौदाबाजार 22 मार्च 2026/ 21 मार्च 2026 को विश्व वानिकी दिवसके अवसर पर बलौदाबाजार वनमण्डल में विविध जागरूकता, सहभागिता एवं संवाद आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सन्देश दिया गया कि वन केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि हमारे जीवन, आजीविका और भविष्य की आधारशिला हैं।
इस अवसर पर जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए पेंटिंग, निबंध लेखन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न संस्थानों से चयनित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं तार्किक प्रस्तुति के माध्यम से वन संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरणीय संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विश्व वानिकी दिवस के उपलक्ष में वन एवं वन्य जीव अपराध अन्वेषण और प्रॉसीक्यूशन विषय पर कार्यशाला का आयोजन भी किया गया जिसमें अतिरिक्त जिला न्यायाधीश श्री राकेश कुमार वर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्री गिरीश पाल सिंह, एवं ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, कसडोल सुश्री श्वेता मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस सत्र के माध्यम से वन्यजीव अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों, जांच प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन एवं न्यायालयीन कार्यवाही के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की गई, जिससे वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विधिक प्रक्रियाओं की बेहतर समझ प्राप्त हुई।
इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विश्व वानिकी दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वनों का संरक्षण केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, क्योंकि वनों के बिना पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता एवं मानव जीवन की स्थिरता संभव नहीं है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्तर पर वन संरक्षण के प्रयासों में भागीदारी सुनिश्चित करें तथा इस संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में उप वनमंडलाधिकारी निश्चल शुक्ला, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अजय मिश्रा,अधीक्षक बारनवापारा अभयारण्य कृषानू चन्द्राकार सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
क्रमांक /112