बिजली विभाग की पोल खुली लाखों रुपए मेंटेनेंस में खर्च किए उसके बावजूद शहर अंधेरे में डूबा
रात भर बिजली बंद रही

आंधी में अंधेरे में डूबा शहर: 20–22 घंटे गुल रही बिजली, मेंटेनेंस पर उठे सवाल
रिपोर्टर दिलीप माहेश्वरी
शिकायत नंबर बंद, उपभोक्ता रातभर भटके; 200 ट्रांसफार्मरों पर सिर्फ 5 कर्मचारियों का जिम्मा
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सौंपा ज्ञापन
बलौदाबाजार । मंगलवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने शहर की विद्युत व्यवस्था की पोल खोल दी। कई प्रमुख इलाकों में 20 से 22 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को पूरी रात अंधेरे और उमस में बितानी पड़ी। हालात यह रहे कि बिजली विभाग का शिकायत नंबर भी बंद मिला, जिससे नाराज उपभोक्ताओं को देर रात बिजली कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी। शिकायतों के बावजूद कई क्षेत्रों में घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
गौरतलब है कि मानसून पूर्व मेंटेनेंस के नाम पर हाल ही में कई बार घंटों बिजली कटौती की गई थी, लेकिन एक ही आंधी ने विभागीय तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। गौरव पथ, संजय कॉलोनी, कोकड़ी रोड, षष्ठी मंदिर क्षेत्र, पुलिस क्वार्टर और अंबेडकर चौक जैसे प्रमुख इलाकों में भी लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। विभाग का हेल्पलाइन नंबर 9171977501 बंद मिलने से लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। कुछ उपभोक्ताओं ने ‘मोर बिजली बिल’ ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई, लेकिन राहत नहीं मिल सकी।
स्टाफ और संसाधनों की कमी बनी बड़ी वजह
बिजली विभाग के जेई (शहरी) भूषण वर्मा के अनुसार शहर में 200 से अधिक ट्रांसफार्मर हैं, जबकि एक शिफ्ट में केवल 5 कर्मचारियों की ड्यूटी रहती है। इनमें एक नियमित कर्मचारी और शेष ठेका कर्मी शामिल हैं। स्टाफ की कमी के कारण फॉल्ट सुधार में देरी हो रही है। कार्यपालन अभियंता आदित्य ठाकुर ने भी स्वीकार किया कि शिकायतों की अधिकता और सीमित स्टाफ के कारण समस्या के समाधान में समय लग रहा है, जिसके लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
जमीनी हकीकत: एक टीम, सीमित संसाधन
विभागीय सूत्रों के अनुसार पूरे शहर की व्यवस्था केवल एक टीम और एक चारपहिया वाहन के भरोसे संचालित हो रही है। कर्मचारियों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण जैसे ग्लव्स, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और जूते तक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उन्हें जोखिम उठाकर काम करना पड़ता है। एक ओर विभाग मेंटेनेंस के दावे करता है, वहीं दूसरी ओर एक आंधी में पूरी व्यवस्था चरमराना गंभीर सवाल खड़े करता है।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सौंपा ज्ञापन
लगातार बिजली संकट से नाराज चैंबर ऑफ कॉमर्स ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि हल्की हवा या बारिश में भी घंटों तक बिजली बंद रहना आम बात हो गई है। सब-स्टेशन के फोन बंद रहने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई नहीं होने से आम जनता और व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
चैंबर ने मांग की है कि शिकायत काउंटर 24 घंटे चालू रखा जाए और उपभोक्ताओं को समय पर स्पष्ट जानकारी दी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष लक्ष्मी साहू, शंकर दुलानी, पियूष मिश्रा, दुर्गा प्रसाद जायसवाल, दिलीप माहेश्वरी, दिनेश वर्मा, संजय नारायण केशरवानी, सतीश साहू, नेतराम वर्मा, बाबा केशरवानी सहित बड़ी संख्या मै व्यापारी उपस्थित रहे।



