
किराए को लेकर मस्जिद कमेटी एवं किराएदारों के मध्य विवाद, बढ़ा तनाव कोतवाली में हुई शांति बैठक
रिपोर्टर दिलीप माहेश्वरी
बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय के सदर रोड स्थित मस्जिद परिसर के व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स में किरायेदारों एवं मस्जिद कमेटी के बीच दुकान खाली कराने को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले को लेकर सोमवार को थाना सिटी कोतवाली में प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों पक्षों ने आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया।
व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों ने बताया कि वे वर्ष 1990 से यहां किरायेदार के रूप में व्यवसाय कर रहे हैं तथा नियमित रूप से किराया जमा करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि किरायानामा प्रत्येक 10 वर्ष में नवीनीकृत होता रहा है और पूर्व की कमेटियों के साथ कभी विवाद की स्थिति नहीं बनी।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि मस्जिद कमेटी के नव नियुक्त मुल्तालवी मोहम्मद जिलानी द्वारा दुकानों को खाली कराने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। इस संबंध में किरायेदारों ने रविवार को थाना सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत भी दी थी। सोमवार सुबह पुनः विवाद की स्थिति बनने पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी द्वारा दोनों पक्षों की बैठक बुलाकर आपसी समन्वय एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में थाना प्रभारी लाकेश केवर्थ, तहसीलदार निवेश कारोटी, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष लक्ष्मी साहू, विश्व हिंदू परिषद अध्यक्ष अभिषेक “मिकी” तिवारी, पार्षद शेख सलमान, मस्जिद कमेटी के मुल्तालवी मोहम्मद जिलानी, गोपाल केसरवानी, दलजीत सिंह चावला, शंकर दुलानी, दिलीप माहेश्वरी, देवेश साहू, किरायेदारगण तथा हिंदू-मुस्लिम समाज के वरिष्ठजन एवं व्यापारी उपस्थित रहे।



