‘सनराइज एट मिस्टी ब्रिज’ को फिल्म जगत की हस्तियों ने भी सराहा, भविष्य में वेब सीरीज या फिल्म के रूप में पर्दे पर आ सकती है कहानी

जिले के पहले उपन्यास का हुआ विमोचन
‘सनराइज एट मिस्टी ब्रिज’ को फिल्म जगत की हस्तियों ने भी सराहा, भविष्य में वेब सीरीज या फिल्म के रूप में पर्दे पर आ सकती है कहानी
रिपोर्टर दिलीप माहेश्वरी
बलौदाबाजार। प्रतिभाएं किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होतीं, बल्कि अपनी मेहनत, कल्पनाशीलता और रचनात्मकता से अपनी अलग पहचान बनाती हैं। इसका उदाहरण बलौदाबाजार के युवा लेखक प्रियंक बाजपेयी ने प्रस्तुत किया है। उनके पहले उपन्यास ‘सनराइज एट मिस्टी ब्रिज’ के विमोचन के साथ ही उन्होंने साहित्य की दुनिया में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। खास बात यह है कि उनके इस उपन्यास की कहानी और लेखन शैली को फिल्म जगत से जुड़ी कई बड़ी हस्तियों ने भी सराहा है। इनमें ‘पड़ोसन’ फिल्म से जुड़े चर्चित फिल्मकारों के साथ यशराज ‘स्त्री-2’ के निर्माता-निर्देशक भी स्टोरी की तारीफ की। उपन्यास की रोचक कथावस्तु और सिनेमाई संभावनाओं को देखते हुए भविष्य में इस पर वेब सीरीज अथवा फिल्म बनने की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं। यह उपलब्धि न केवल प्रियंक के लिए, बल्कि पूरे बलौदाबाजार जिले के लिए गर्व और गौरव का विषय है।
मंगलवार को बलौदाबाजार प्रेस क्लब में वरिष्ठ पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति में उपन्यास का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर प्रियंक के पिता एवं सेवानिवृत्त लाइब्रेरियन प्रदीप बाजपेयी ने पुत्र की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें ‘यशस्वी भव’ का आशीर्वाद दिया। वहीं छोटे भाई मयंक बाजपेयी ने उपन्यास की सराहना करते हुए पाठकों से इसे पढ़ने की अपील की। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार रामाधार पटेल ने भी संबोधित करते हुए जिले के लिए यह प्रतिभा बहुत ही काबिले तारीफ है मेरी शुभकामनाएं आपके साथ है
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी ने कहा कि बलौदाबाजार की प्रतिभाएं आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। प्रियंक बाजपेयी ने साहित्य के क्षेत्र में अपनी पहली कृति के माध्यम से जिले का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि नई पीढ़ी के युवाओं को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगी।
बस्तर के जंगलों से गोवा के समुद्र तट तक फैली रोमांचक कहानी
प्रियंक का उपन्यास ‘सनराइज एट मिस्टी ब्रिज’ प्रेम, रहस्य, रोमांच, पौराणिक मान्यताओं, आधुनिक जीवन और पारिवारिक संवेदनाओं का अनूठा संगम है। इसकी कहानी 1990 के दशक के बस्तर और वर्तमान समय के गोवा की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती है। उपन्यास का मुख्य पात्र अर्श राघव है, जो अपनी किशोरवय बेटी याशना के साथ रिश्तों को बचाने के लिए असाधारण परिस्थितियों का सामना करता है।
भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी अर्श की मुलाकात मनोवैज्ञानिक अनाइका से होती है। परामर्श के दौरान उसके अतीत की कई अनकही कहानियां सामने आती हैं। शिक्षक से पुलिस अधिकारी बनने, नक्सल प्रभावित बस्तर में सेवाएं देने, शास्त्रीय संगीतकार की बेटी राधा से प्रेम और परिस्थितियों के चलते उससे बिछड़ने तक की घटनाएं कहानी को भावनात्मक गहराई प्रदान करती हैं।
कहानी में चार हजार वर्ष पुराने शाप से जुड़े अमर योद्धा अश्वत्थामा का प्रवेश पौराणिक रहस्य और रोमांच को नया आयाम देता है। वहीं देश की सामरिक सुरक्षा के विरुद्ध रचे जा रहे षड्यंत्र कथा को एक बड़े रोमांचक घटनाक्रम से जोड़ते हैं। पिता-पुत्री का रिश्ता, प्रेम, प्रतिशोध, मनोवैज्ञानिक संघर्ष और राष्ट्र सुरक्षा जैसे विषयों को लेखक ने रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया है।
लेखन में दिखाई देती है फिल्म की संभावनाएं
उपन्यास की कहानी में दृश्यात्मकता, रहस्य, भावनात्मक उतार-चढ़ाव और पौराणिक तत्वों का ऐसा मेल है, जो इसे फिल्म अथवा वेब सीरीज के लिए भी आकर्षक बनाता है। फिल्म जगत की हस्तियों द्वारा इसकी प्रशंसा किया जाना लेखक के लिए उत्साहवर्धक है। यदि भविष्य में इस कहानी को पर्दे पर उतारने की दिशा में पहल होती है, तो बलौदाबाजार की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का एक नया अवसर मिल सकता है।
बलौदाबाजार से पुणे तक का सफर
मूलतः बलौदाबाजार निवासी प्रियंक बाजपेयी की प्रारंभिक शिक्षा यहीं हुई। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, माना, रायपुर से आगे की शिक्षा प्राप्त की। उनके पिता प्रदीप बाजपेयी गवर्नमेंट डीके कॉलेज में लाइब्रेरियन के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वर्तमान में प्रियंक एक अग्रणी निजी संस्थान से जुड़े हुए हैं और पुणे में निवासरत हैं। पेशेवर अनुभव, मानवीय संवेदनाओं, प्रकृति, संगीत और कहानियों के प्रति गहरे लगाव ने उनके लेखन को विशेष पहचान दी है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार रामाधार पटेल, प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी, उपाध्यक्ष दिलीप माहेश्वरी, सचिव दलजीत सिंह चावला, वरिष्ठ पत्रकार उमेश बाजपेयी, अभिषेक मिश्रा, तारा परसवानी, प्रभाकर मिश्रा, राघवेंद्र सिंह, राजेश्वर गिरी, निशांत श्रीवास्तव, आभाष शर्मा, विजय तिवारी, लंकेश्वर बघेल, श्रवण ध्रुव, मोहित मरकाम, शलभ बाजपेयी एवं शंकर दुलानी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।



