Uncategorized
दीपक मेरे सुहाग का जलता रहे पति की लंबी उम्र की कामना की

- दीपक मेरे सुहाग का जलता रहे, इसी कामना के साथ महिलाओं ने किया सोलह शृंगार
रिपोर्टर दिलीप माहेश्वरी
बलौदाबाजार। पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ सुहागिन महिलाओं ने करवा चौथ का पर्व पूरे श्रद्धा, उत्साह और प्रेम भाव से मनाया। इस अवसर पर महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शाम होते ही महिलाएं दुल्हन की तरह सज-संवरकर पूजा की तैयारी में जुट गईं। लाल साड़ी, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी, सिंदूर और सोलह शृंगार से सजी महिलाओं के चेहरों पर पर्व की विशेष रौनक दिखाई दी।
महिलाओं के मन में एक ही भावना रही— “दीपक मेरे सुहाग का जलता रहे, मेरे पति की उम्र लंबी हो और हमारा दांपत्य जीवन हमेशा खुशियों से भरा रहे।” प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक यह पर्व पति-पत्नी के रिश्ते की मिठास को और गहरा करता है।
पूजा-अर्चना और चांद के दीदार का रहा इंतजार
करवा चौथ पर सुबह सरगी ग्रहण करने के बाद महिलाओं ने व्रत की शुरुआत की। शाम को पूजा की थाली सजाकर भगवान गणेश, भगवान शिव, माता पार्वती और करवा माता की पूजा की गई। महिलाओं ने करवा चौथ की व्रत कथा सुनी और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। रात में चंद्रमा के उदय होने पर छलनी से चांद का दीदार किया, चंद्रमा को जल अर्पित कर पति की लंबी उम्र की प्रार्थना की। इसके बाद छलनी से पति का चेहरा देखकर उनके हाथों से पानी ग्रहण कर व्रत खोला।



