बलौदा बाजार में 52फीट ऊंचा रावण मिनटों में खाक, आतिशबाजी से आसमान हुआ रोशन

बलौदा बाजार में 52फीट ऊंचा रावण मिनटों में खाक, आतिशबाजी से आसमान हुआ रोशन
दशहरा मैदान में उमड़ा जनसैलाब, श्रीराम के जयकारों के बीच हुआ रावण दहन
रिपोर्टर दिलीप माहेश्वरी
बलौदाबाजार। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी का पर्व बलौदाबाजार में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। दशहरा मैदान में 52फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन के दौरान जोरदार आतिशबाजी से पूरा आसमान रोशनी से जगमगा उठा। देखते ही देखते आग की लपटों ने रावण के विशाल पुतले को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में रावण का पुतला जलकर खाक हो गया। इस रोमांचक नजारे को देखने के लिए शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग दशहरा मैदान पहुंचे।
दशहरा उत्सव के दौरान रामलीला मंचन का भी आयोजन किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। मैदान में भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। रावण दहन देखने के लिए बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आतिशबाजी के रंग-बिरंगे नजारों ने उत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।
दशहरा पर्व को लेकर नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा। लोगों ने परिवार सहित पहुंचकर रावण दहन देखा और एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। यह पर्व समाज को संदेश देता है कि अहंकार, अन्याय और बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।
दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष रमेश सोनी मनोज सोनी पनीष केसरवानी आकाश सोनी मुरारी मिश्रा का विशेष सहयोग रहा इन्हीं के सहयोग से आज बलौदा बाजार में दशहरा संपन्न हुआ समिति लंबे वर्षों से बलौदा बाजार दशहरा उत्सव समिति का सफल आयोजन कर रही है मंच में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन उपाध्यक्ष जितेंद्र पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा सीएमओ आशीष तिवारी निशांत वैष्णव एवं जनप्रतिनिधि लोग उपस्थित थे



