धनतेरस की खुशी मातम में बदली करंट लगने से दो की मौत एक गंभीर रूप से घायल

धनतेरस की खुशियां मातम में बदलीं, करंट लगने से दो की मौत, पत्नी गंभीर
रिपोर्टर दिलीप माहेश्वरी
दीपावली की सफाई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, बचाने पहुंचे बेटे को भी लगा करंट; जिला अस्पताल में उमड़ा पूरा शहर
बलौदाबाजार। धनतेरस की सुबह बलौदाबाजार शहर के लिए बेहद दुखद साबित हुई। नेहरू चौक स्थित गुप्ता सदन में सुबह करीब सात बजे करंट लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्य इसकी चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में राकेश गुप्ता और उनके पुत्र ओम गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई है।उसका इलाज जिला अस्पताल बलौदाबाजार में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरंग कपड़ा बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी राकेश गुप्ता दीपावली पर्व को लेकर सुबह अपने मकान की छत की गैलरी में सफाई कर रहे थे। इस दौरान वे झाड़ू की मदद से छत और गैलरी में लगे जाले निकाल रहे थे। तभी झाड़ू सामने से गुजर रहे बिजली विभाग के तार के संपर्क में आ गई। तार के संपर्क में आते ही राकेश गुप्ता करंट की चपेट में आ गए। पति को करंट से छटपटाते देख उन्हें बचाने पहुंचीं पत्नी वर्षा गुप्ता भी इसकी चपेट में आ गईं। माता-पिता को संकट में देख उनका बेटा भी उन्हें बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी करंट से झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां राकेश गुप्ता और उनके पुत्र ओम गुप्ता को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं वर्षा गुप्ता की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका उपचार किया जा रहा है।
धनतेरस के दिन शहर में पसरा मातम
जिस दिन पूरा शहर धनतेरस की खरीदारी और दीपावली की तैयारियों में जुटा था, उसी दिन इस हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। खबर फैलते ही व्यापारी, सामाजिक संगठनों के लोग, मोहल्लेवासी और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचने लगे। देखते ही देखते जिला अस्पताल परिसर में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर आंख नम थी और हर जुबान पर इस परिवार के प्रति संवेदना के शब्द थे।
व्यापारी जगत सहित पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने इस असहनीय दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने तथा घायल पत्नी वर्षा गुप्ता के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। धनतेरस की रौनक के बीच बलौदाबाजार ने आज अपने एक प्रतिष्ठित व्यापारी परिवार को खोने का गहरा दुख झेला। जिला अस्पताल पहुंचकर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने तत्काल रायपुर अस्पताल में व्यवस्था कराई तथा मंत्री टंकरामवर्मा ने गहरी संवेदना व्यक्त किया चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष लक्ष्मी साहू ने भी तत्काल जिला जिला अस्पताल पहुंचकर परिवार जनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त किये हादसे के बाद तत्काल पुलिस प्रशासन की टीम पहुंचकर जांच कर रही है



